30एमएनपी-41-कलक्ट्रेट स्थित नोडल केंद्र पर कॉलेजों की ऑनलाइन निगरानी के दौरान जांच करते कर्मचारी।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। इस बार बोर्ड परीक्षा पर सरकार और प्रशासन का पूरा शिकंजा रहेगा। इसके लिए बोर्ड परीक्षा से पहले ही पूरी तैयार का रिहर्सल हो रहा है। शुक्रवार को ऑनलाइन सीसीटीवी के माध्यम से जिले के परीक्षा केंद्रों को प्रमुख सचिव लाइव देखेंगे। इस संबंध में बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश जारी कर दिया है।
बोर्ड परीक्षा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जिले में नकल विहीन परीक्षा कराना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनाती है। इसके लिए अब ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने की तैयारी है। जिले में परीक्षा के लिए बनाए गए कुल 91 परीक्षा केंद्रों को कलक्ट्रेट स्थित मॉनीटरिंग सेल से जोड़ा जा चुका है। अब इसके बाद शुक्रवार को प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद परीक्षा केंद्रों को लाइव देखेंगे। इसके लिए पूरी जानकारी पहले ही भेजी जा चुकी है। आदेश आने के बाद बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी परीक्षा केंद्र बनाए गए कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को आदेश जारी कर दिया है। इसमें सुबह दस बजे से कैमरे, डीवीआर, राउटर व इंटरनेट क्रियाशील रखने के लिए कहा गया है। ताकि परीक्षा केंद्रों को लाइव लखनऊ से देखा जा सके।
कुछ कैमरे मिले खराब
कलक्ट्रेट स्थित बोर्ड परीक्षा के मॉनीटरिंग सेल से सभी 91 परीक्षा केंद्रों को जोड़ा जा चुका है। इसमें कुछ केंद्रों पर कैमरे खराब मिले हैं। इन कैमरों को बदलवाने के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं इंटरनेट की स्पीड की समस्या को दूर करने के लिए हाईस्पीड इंटरनेट की व्यवस्था करानी होगी।
सभी परीक्षा केंद्र बनाए गए कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को लाइव रन के लिए आदेशित किया गया है। अगर कहीं भी कोई कमी रही तो प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
सर्वेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।