जिन स्कूलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज थी, उनको वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बना दिया गया है। अब एसडीएम और पुलिस संयुक्त रूप से जांच करेंगे। इन चार स्कूलों के खिलाफ वर्ष 2015 में मामला दर्ज किया गया था। बता दें कि डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा था कि जिन स्कूलों के खिलाफ पूर्व में एफआईआर दर्ज हुई होगी तो उनको केंद्र नहीं बनाया जाएगा। वहीं शनिवार को नए परीक्षा केंद्र बनवाने के लिए 50 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों की जांच की जाएगी। एसडीएम की रिपोर्ट पर निर्णय लिया जाएगा।
जिन चार स्कूलों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, ये चार स्कूल किरावली क्षेत्र के हैं। इसमें एक स्कूल ने अपने यहां परीक्षा केंद्र बनाने से इन्कार किया है। शेष तीन स्कूलों की एसडीएम और पुलिस संयुक्त जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं अपने स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाने के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच होगी। स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं और मानकों का भाैतिक सत्यापन एसडीएम करेंगे। अगर इन स्कूलों में सुविधाएं मानक के अनुसार मिलेंगी तो आगे कार्यवाही की जाएगी।
परीक्षा केंद्र बनाने को ये मानक किए गए निर्धारित
बोर्ड परीक्षा में केंद्र बनाने के लिए जो मानक निर्धारित किए गए हैं उनमें पेयजल,शाैचालय,प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरा, केंद्र निर्धारण में दूरी व बनाए गए केंद्र के खिलाफ बोर्ड परीक्षा के दाैरान कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई हो।
अभी जिले में 1,21,922 परीक्षार्थियों के लिए 160 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें तहसील एत्मादपुर 18, खेरागढ़ 23, बाह 16, किरावली 19, सदर 65 और फतेहाबाद में 19 है। बोर्ड ने छात्राओं के लिए अधिकतम 5 किमी तथा छात्रों के लिए 10 किमी दूरी का मानक निर्धारित किया गया है।
राजकीय स्कूल- 15
सहायता प्राप्त स्कूल-81
वित्तविहीन स्कूल-64
जो भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनकी एसडीएम स्तर से जांच होगी। इसमें 50 आवेदन नए परीक्षा केंद्र बनाने को तथा तीन केंद्रों पर आपत्ति के आवेदन आए हैं. इनकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।-
चंद्रशेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक, आगरा