05एमएनपी-23-जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का भवन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। उत्तर पुस्तिकाओं का आवंटन का कार्य बुधवार को पूरा कर लिया। बृहस्पतिवार से प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों पर भेजे जाएंगे।
18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 91 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं भेजे जाने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। बृहस्पतिवार से प्रश्नपत्र वितरण का कार्य शुरू किया जाएगा। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहन के साथ बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कॉलेज आगरा रोड मैनपुरी पर पहुंचें। यहां से उन्हें प्रश्नपत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि केंद्र व्यवस्थापक प्रश्नपत्रों को समय से प्राप्त कर सुरक्षित अपने केंद्रों पर रखवाएं।
सीसीटीवी कैमरों के साथ पुलिस भी करेगी निगरानी
प्रश्नपत्र प्रत्येक केंद्र पर अलमारी में रखने के बाद अलमारी को सील किया जाएगा। वहीं प्रश्नपत्र रखने वाले स्ट्रॉंग रूम को भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रश्नपत्र रखने के साथ सील किया जाएगा। संबंधित कॉलेज की तरफ से चपरासी 24 घंटे निगरानी करेगा तो वहीं क्षेत्रीय पुलिस भी परीक्षा केंद्रों की पेट्रोलिंग करेगी। इस संबंध में एसपी अजय कुमार पांडेय ने सभी थानाध्यक्ष को निर्देश दिए हैं। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रश्नपत्रों की सारी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होगी।
उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण के बाद अब प्रश्नपत्र आज से वितरित किए जाएंगे। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहन के साथ पहुंचकर प्रश्नपत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करते हुए कड़ी सुरक्षा में रखवाना सुनिश्चित करें।
नाजर सिंह यादव, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक