जिले में बुधवार को द्वितीय पाली में आयोजित होने वाली यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट अंग्रेजी प्रश्नपत्र की परीक्षा निरस्त कर दी गई। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्रों को सूचना भेजकर इसकी जानकारी दी। कालेज पहुंचे परीक्षार्थी मायूस होकर घर लौट गए। इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा में 25572 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
बुधवार की दोपहर अचानक इंटरमीडिएट अंग्रेजी का प्रश्रपत्र आउट होने की चर्चा तेज हो गई। जनपद में भी कुछ छात्र-छात्राओं के हाथों में फोटो स्टेट प्रश्रपत्र दिखाई दिए। कुछ छात्र-छात्राएं यह भी कहते देखे गए कि आज यह ही पेपर आएगा।
बुधवार की दोपहर 1:30 बजे जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा की तरफ से बोर्ड परीक्षा 2022 केंद्रों के ग्रुप के माध्यम से सूचना दी गई कि बुधवार को आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा निरस्त की जाती है। इसके बाद परीक्षा केंद्र से परीक्षार्थियों को लौटाने की कार्रवाई केंद्र व्यवस्थापकों ने शुरू की। कुछ केंद्रों पर तो परीक्षार्थियों का प्रवेश दिए जाने की कार्रवाई भी शुरू कर दिया गया था। आदेश प्राप्त होने के बाद परीक्षार्थियों को बिना परीक्षा के ही वापस लौटा दिया गया।
खुशी मिश्रा ने बताया कि परीक्षा की बेहतर तैयारी के साथ केंद्र पर आई थी। यहां आकर पता चला कि परीक्षा निरस्त कर दी गई। प्रश्नपत्र लीक करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। करिश्मा ने कहा कि परीक्षा के लिए पूरी तैयारी के साथ आई थी। परीक्षा निरस्त होने से मन दुखी है। इस प्रकार के कार्य नहीं होने चाहिए जिससे कि छात्र-छात्राओं को परेशानी उठानी पड़े। नेहा यादव ने बताया कि बड़ी प्रसन्नता के साथ और अच्छी तैयारी के साथ पेपर देने परीक्षा केंद्र पर आई थी। यहां आकर जानकारी मिली कि परीक्षा निरस्त कर दी गई है इससे बहुत निराशा हुई।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार की दोपहर को इंटर अंग्रेजी प्रश्नपत्र की परीक्षा निरस्त होने की जानकारी मिली। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद कार्यालय से संपर्क किया गया। पहले मौखिक रूप से जानकारी मिली। करीब डेढ़ बजे से सचिव के यहां से परीक्षा निरस्त का पत्र प्राप्त हुआ जिसके बाद परीक्षा निरस्त कर दी गई। अन्य विषयों की परीक्षाएं निर्धारित तिथि और समय पर ही होंगी। अंग्रेजी की परीक्षा कब होगी इसकी जानकारी परिषद से कार्यक्रम जारी होने पर दी जाएगी।