टूंडला विधानसभा उपचुनावः मतदानस्थल पर मतदान कराते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
कोविड 19 के बीच टूंडला विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार को मतदान संपन्न हुआ। सुबह सात बजे से 558 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। कुल 54 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान का प्रतिशत बताता है कि उप चुनाव में मतदाताओं ने उत्साह नहीं दिखाया। कई ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने समस्याओं को लेकर दोपहर तक मतदान का बहिष्कार किया। टूंडला विधानसभा में विगत वर्ष 2017 का चुनाव 66.07 प्रतिशत था। ये सीट प्रो.एसपी सिंह बघेल के आगरा लोकसभा सीट पर सांसद बनने के बाद खाली हुई थी।
एडीजी आगरा जोन अजय आनंद, आईजी आगरा जोन ए सतीश गणेश ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करके स्थिति का जायजा लिया। मतदान केंद्रों पर कोरोना से बचाव के लिए सैनिटाइजर, मास्क और गलब्स की व्यवस्था की गई थी। दस नवंबर को टूंडला मंडी समिति में मतगणना होगी। मतदान शांतिपूर्ण रहा। दस प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है।