कासगंज। 11 माह बाद एक बार फिर यात्री ट्रेेनों में बिना आरक्षण के यात्रा कर सकेंगे। रेलवे ने ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी देने के साथ समय सारणी भी जारी कर दी है। कासगंज से पांच जोड़ी ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
विगत मार्च 2020 में कोरोना संक्रमण के डर से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। अनलॉक में धीमे-धीमे ट्रेनों का संचालन किया गया लेकिन सभी ट्रेनें नहीं चलाई गईं। कासगंज से सिर्फ दो जोड़ी दैनिक स्पेशल ट्रेन कानपुर ट्रैक पर दौड़ी। वहीं पांच जोड़ी साप्ताहिक ट्रेनें चलाई गईं।
बिना आरक्षण यात्रा की सुविधा नहीं होने के कारण कम दूरी के स्टेशनों तक यात्रा करने में यात्रियों को परेशानी आ रही थी। हालांकि अब रेलवे बोर्ड ने कासगंज से बरेली ट्रैक, मथुरा ट्रैक पर 2-2 और कानपुर ट्रैक पर एक अनारक्षित ट्रेन संचालन के लिए मंजूरी दे दी है। बृहस्पतिवार से ट्रेनें संचालित होने लगेगी।
यह रहेगी समय सारणी
काशीपुर-कासगंज एक्सप्रेस (05335): यह ट्रेन सुबह 5:40 बजे काशीपुर से चलकर 9:25 बजे को बरेली सिटी पहुंचेगी। यहां से चलकर रात 12:40 बजे कासगंज जंक्शन स्टेशन पहुंचेगी।। वापसी में इस ट्रेन का नंबर 05336 हो जाएगा, जो कासगंज से दोपहर 1:40 बजे प्रस्थान करेगी।
कासगंज-बरेली सिटी एक्सप्रेस (05337): कासगंज से सुबह 10:20 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:50 बजे बरेली सिटी स्टेशन पर पहुंचेगी। वापसी में इस ट्रेन का नंबर 05338 नंबर हो जाएगा, जो बरेली सिटी से शाम 5:10 बजे चलकर रात 8:15 बजे कासगंज जंक्शन स्टेशन पहुंचेगी।
कासगंज-मथुरा एक्सप्रेस (05345): यह ट्रेन दोपहर 12:10 बजे कासगंज जंक्शन स्टेशन से चलकर दोपहर 3:05 बजे मथुरा पहुंचेगी। वापसी में इस ट्रेन का नंबर 05346 नंबर हो जाएगा, जो मथुरा से रात 9:00 बजे चलकर 11:30 बजे कासगंज स्टेशन पहुंचेगी।
कासगंज-अछनेरा एक्सप्रेस (05347): यह ट्रेन सुबह 5:15 बजे कासगंज से चलकर सुबह 9:20 बजे अछनेरा पहुंचेगी। वापसी में इन ट्रेन का नंबर 05348 होगा, जो अछनेरा से सुबह 10:25 बजे चलकर दोपहर 2:15 बजे कासगंज स्टेशन पहुंचेगी।
कासगंज-फर्रुखाबाद एक्सप्रेस (03549): यह ट्रेन शाम 5:35 बजे कासगंज से चलकर रात 8:30 बजे फर्रुखाबाद स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में इन ट्रेन का नंबर 05350 हो जाएगा, जो फर्रुखाबाद से सुबह 4:50 बजे चलकर 7:50 बजे कासगंज जंक्शन स्टेशन पहुंचेगी।
अनारक्षित ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी मिल गई है। बृहस्पतिवार से ट्रेनें दौड़ने लगेंगी। समय सारणी भी जारी कर दी गई है। ये सभी स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन हैं।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ