कासगंज। छात्रवृत्ति के लिए निजी स्कूलों का एनएसपी (राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल) पर पंजीकरण न होना छात्रवृत्ति आवेदन करने वाले छात्रों के लिए मुसीबत बन सकता है। ऐसे स्कूलों के छात्रों का डाटा संदेहास्पद श्रेणी में डाला जा रहा है।
शासन से बच्चों को शिक्षा से जोडने के लिए छात्रवृत्ति योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत पूर्वदशम एवं दशमोत्तर कक्षाओं के छात्र छात्राओं को योजना का लाभ दिया जाता है। निजी स्कूलों के छात्र छात्राओं को यह लाभ तभी मिलता है जब संस्थान राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीकृत हो, लेकिन जिले में ऐसी कई निजी शिक्षण संस्थान है जो पोर्टल पर पंजीकृत नहीं हैं।
इससे ऐसी संस्थाओंं के छात्र छात्राओं को योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। जांच में इनका डाटा पोर्टल पर संदेहास्पद श्रेणी में रखा जा रहा है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शालिनी रंजन ने कहा कि निजी संस्थानों के छात्र छात्राओं कोे छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ संस्थान के पोर्टल पर पंजीकरण के बाद ही दिया जाएगा। जो संस्थान पोर्टल पर पंजीकृत नहीं है वे शीघ्र अपना पंजीकरण करा लें, जिससे संदेहास्पद श्रेणी में रखे गए छात्र छात्राओं के आवेदन की त्रुटि का निवारण किया जा सके।