बेवर। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात जीटी रोड हाईवे पर एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में उन्नाव के रहने वाले युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया। मृतक का शुक्रवार को बेवर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। उन्नाव के थाना अचलगंज क्षेत्र के गांव रतनेई निवासी 28 वर्षीय अवधेश कुमार अपने साथी दिलीप कुमार निवासी गांव बेथर उन्नाव के साथ अलीगढ़ गए थे। बृहस्पतिवार की रात दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। देर रात करीब 1:30 बजे बेवर थाना क्षेत्र में जीटी रोड हाईवे पर बझेरा अंडरपास के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में अवधेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। वहां से परिजन कानपुर ले गए। शुक्रवार को पुलिस ने अवधेश का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया।