कासगंज। अनलॉक के बाद बाजारों में लापरवाही दिखाई दे रही है। जहां भीड़ के कारण जाम लग रहा है वहीं लोग बिना मास्क के घूमते नजर आ रहे हैं। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
तेज धूप होने के कारण सुबह और सायं के समय बाजारों में भीड़ रहती है। इस दौरान लोग बिना मास्क लगाए खरीदारी को पहुंच रहे हैं। शहर की थोक सब्जी मंडी में सब्जी बेचने वाले किसान भी मास्क नहीं लगा रहे। कस्बाई इलाकों में भी इसी तरह की लापरवाही नजर आ रही है। लोगों का ध्यान न सामाजिक दूरी पर है और न ही मास्क लगाने पर। अनलॉक के बाद पुलिस प्रशासन भी शिथिल हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि लोगों की लापरवाही की वजह से संक्रमण बढ़ सकता है।