सोशल मीडिया पर अनजान लोगों को दोस्त न बनाएं। बिना सोचे समझे फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। साइबर अपराध से बचने के लिए जरूरी है कि सजग रहें, सतर्क रहें। शुक्रवार को अमर उजाला दोस्त पुलिस कार्यक्रम के तहत बलूनी पब्लिक स्कूल की छात्राओं को महिला थाने का भ्रमण कराया गया।
महिला थाना की एसआई रेखा मिश्रा और रेखा शर्मा ने बताया कि फेसबुक, इंस्टाग्राम पर सावधान रहने की जरूरत है। अनजान लोग फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते हैं। लोग स्वीकार कर लेते हैं। यह भी जानने की कोशिश नहीं करते हैं कि जिसकी फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर रहे हैं, वह काैन है। उसकी प्रोफाइल क्या है। इससे कई बार इसका फायदा साइबर अपराधी उठाते हैं।
विज्ञापन
पहले दोस्ती करते हैं। गिफ्ट भेजने का झांसा देते हैं। बाद में एयरपोर्ट पर पार्सल पकड़े जाने का नाम लेकर रुपयों की मांग करते हैं। कई बार आपकी निजी जानकारी भी ले लेते हैं। इसी जानकारी के माध्यम से ब्लैकमेल करते हैं। नाैकरी और निवेश के नाम पर कमाने का लालच भी दिया जाता है। ऐसे लोगों के झांसे में नहीं आएं।
राह चलते या कॉल करके कोई परेशान करें तो हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत करें। घर और स्कूल के पास किसी तरह की घटना होने पर 112 नंबर पर काॅल कर पुलिस को बुलाएं। यदि साइबर ठगी हो जाए तो 1930 नंबर पर तुरंत कॉल करें।
विज्ञापन
एक छात्रा ने सवाल किया कि अगर पुलिसकर्मी रिश्वत की मांग करते हैं तो क्या करें। इस पर उन्हें बताया गया कि वह वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर सकती हैं। वहां सुनवाई नहीं हो तो मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। विजिलेंस में भी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। भ्रमण के दाैरान शिक्षिका रेनू फाैजदार और पूनम पारवानी भी माैजूद रहीं।
ऑटो चालक की खींच लें फोटो
हेड कांस्टेबल काजल ने बताया कि छात्राएं अगर ऑटो में सफर कर रही हैं तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें। ऑटो में बैठने से पहले उसका नंबर नोट करें। चालक की फोटो भी खींच लें।