डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षाओं में इस बार निगरानी व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। खंदारी परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम से जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है, ताकि परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन संचालित की जा सकें। चार नोडल अधिकारी भी नामित कर दिए गए हैं।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि सभी महाविद्यालयों को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से जोड़ना अनिवार्य किया गया है। लिंक नहीं करने वाले परीक्षा केंद्र को निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सचल दल गठित किए जा रहे हैं, जो समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। सीसीटीवी निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं सामने आने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाल ही में दो महाविद्यालयों को परीक्षा कार्यों से डिबार किया है।
ये बनाए गए नोडल अधिकारी
आगरा के परीक्षा केंद्रों के लिए आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम, मथुरा के लिए बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. पूनम सिंह, मैनपुरी के लिए सेंट जोंस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह और फिरोजाबाद के लिए दाऊदयाल कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू वर्मा को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।