पुलिस का कहना है कि अछनेरा के गांव झारौठी में दबिश देकर एक युवक को पकड़ा है। जांच में उसका नंबर मिला था। चर्चा है कि युवक एक कॉलेज में शिक्षक है। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस को पहले ही दिन से किसी निजी कॉलेज से पेपर आउट होने का शक है। पेपर कोई छात्र आउट करेगा इसमें संशय है। पेपर नोडल सेंटर से कॉलेज पर पहुंचता है। इसके बाद परीक्षा दिलाई जाती है।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पेपर लीक करने वालों के बारे में अहम सुराग मिले हैं। इस पर पुलिस टीम कार्य कर रही है। आगे पेपर लीक न हो, उसको लेकर बैठक की गई है। प्रथम दृष्टया पेपर किसी न किसी कॉलेज से लीक हुआ है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक की बजाय पौने दो घंटे में पहुंचा था प्रश्नपत्र
प्रश्नपत्र आउट होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बनाई गई जांच समिति के सदस्य डीन अकादमिक प्रोफेसर संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस की जांच में अछनेरा का एक कॉलेज है, जिसको नोडल सेंटर बिचपुरी से प्रश्नपत्र भेजा गया था। एक घंटे में प्रश्नपत्र पहुंच जाना चाहिए था। मगर, पौने दो घंटे में प्रश्नपत्र पहुंचा। इतना अधिक समय क्यों लगा ? इस पर जांच की जा रही है।