मैनपुरी। विश्वविद्यालय की छूटी हुई स्नातक और परास्नातक की परीक्षाएं कल यानी 11 सितंबर से शुरू होने जा रही हैं। 44 केंद्रों के लिए जिले में चार नोडल केंद्र बनाए गए हैं। जिन पर 81 कॉलेजों के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा में पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को कोरोना बचाव के नियमों के बीच परीक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। जिले के परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां तेजी के साथ शुरू कर दी गई हैं। छात्र-छात्राओं को मास्क पहनकर ही परीक्षा में आना होगा। मुख्य गेट पर सैनिटाइज के बाद भी प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों के बीच दो मीटर की दूरी रखी जाएगी।
चित्रगुप्त कॉलेज में मुख्य गेट पर कराई सैनिटाइज कराने की व्यवस्था
शहर के श्री चित्रगुप्त डिग्री कॉलेज को 11 सितंबर से आयोजित होने वाली विश्वविद्यालय परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाने के साथ ही नोडल केंद्र बनाया गया है। प्राचार्य डॉ. शेरपाल सिंह ने कॉलेज में मुख्य गेट पर ही परीक्षार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के हाथों को सैनिटाइज कराने की व्यवस्था कराई है।
परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं और कर्मचारियों को मास्क लगाने की सलाह दी गई है। बिना मास्क किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विद्यालय के कृषि संकाय में उपलब्ध स्प्रे मशीन से सभी परीक्षा कक्षों को सैनिटाइज कराया गया है। परीक्षा से एक घंटे पहले दोबारा कक्षा कक्ष सैनिटाइज कराए जाएंगे। एक परीक्षा कक्ष में जहां पहले 60 परीक्षार्थी बैठते थे, वहां केवल 20 परीक्षार्थी ही बैठाने की व्यवस्था की गई है।
पालिका ने नहीं दिया ध्यान, कॉलेज ने खरीदी सैनिटाइज मशीन
डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय को भी विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्र बनाने के साथ नोडल केंद्र भी बनाया है। यहां नोडल से आठ कॉलेज संबद्ध किए गए हैं। परीक्षा के लिए प्राचार्या डॉ. पुष्पा कश्यप ने कोविड हेल्प डेक्स की स्थापना कराई है। हेल्प डेक्स की जिम्मेदारी होगी कि शिक्षक-शिक्षिकाओं और परीक्षार्थियों के हाथों को सैनिटाइज कराने के बाद ही प्रवेश दिया जाए।
प्राचार्या ने बताया कि नगर पालिका को तीन सितंबर को पत्र लिखकर कॉलेज को सैनिटाइज कराने को कहा गया था, लेकिन नगर पालिका ने कोई ध्यान नहीं दिया। बुधवार को कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा समिति की बैठक के बाद स्वयं की स्प्रे मशीन खरीदी। इससे बृहस्पतिवार को पूरा कॉलेज व कक्ष सैनिटाइज कराए जाएंगे। महाविद्यालय के प्रत्येक कक्ष में 20 परीक्षार्थियों को ही बैठाया जाएगा। परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर मास्क लगाकर ही पहुंचें। उन्होंने कहा कि जो परीक्षार्थी मास्क लगाकर नहीं आएगा उसे कॉलेज से मास्क उपलब्ध कराया जाएगा।