डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की गोपनीयता पर एक बार फिर सवाल खड़ा हुआ है। परीक्षा से एक दिन पहले पीजीडीएमसी की उत्तर पुस्तिका कैंपस से बाहर पहुंच गई। यह परीक्षा बुधवार को होनी है।
बात फर्जी मार्कशीट की हो या नकल की, विवि में अनियमितताएं किसी से छुपी नहीं हैं। कर्मचारियों की मिलीभगत से उत्तर पुस्तिकाएं तक लिखने के लिए बाहर निकाल दी जाती हैं। ऐसी ही एक उत्तर पुस्तिका सोमवार को ‘अमर उजाला’ को मिली। परास्नातक परीक्षाओं में इस्तेमाल होने वाली यह कापी 40 पेज की है। इस पर पेन से परीक्षा का नाम पीजीडीएमसी, फर्स्ट सेमिस्टर, बुधवार तारीख एक अप्रैल 2015 लिखा गया है। पड़ताल में पता चला कि केएमआई में यह परीक्षा बुधवार को सुबह नौ से 12 की पाली में होनी है। विश्वविद्यालय से इस बारे में बताया गया कि चूंकि उत्तर पुस्तिका पर वर्ष 2014 मुद्रित है, इसलिए हो सकता है कि यह पिछले सत्र के दौरान उपयोग की गई हो। अब इसे दुष्प्रचार के लिए प्रयोग किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो विश्वविद्यालय में उत्तर पुस्तिका बदलने का खेल बड़े पैमाने पर चलता है। उत्तर पुस्तिका बाहर आने से इस आरोप को बल जरूर मिला है।