अध्यक्ष पद पर निर्दलीय गौरव का कब्जा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय गौरव शर्मा ने कब्जा जमा लिया है। वहीं महासचिव पद पर समाजवादी छात्रसभा (शहर गुट) की लेखा रानी काबिज हुईं हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का सूपड़ा साफ हो गया है। एनएसयूआई भी केवल उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर पाई है।
विश्वविद्यालय के संस्थानों के 2,193 छात्र-छात्राओं में से 1,282 विद्यार्थियों ने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्दलीय प्रत्याशी गौरव शर्मा को अध्यक्ष पद के लिए 423 मत मिले। दूसरे स्थान पर रहे एनएसयूआई के दुर्गेश कुमार यादव को 277 मत मिले। महासचिव पद पर लेखा रानी को 429 मत मिले। दूसरे स्थान पर एबीवीपी के मोहित सोलंकी रहे, उनको 361 मत मिले।
उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के रजत मलिक काबिज हुए। उनको 282 मत मिले। पुस्तकालय सचिव पद समाजवादी छात्रसभा के (जिला गुट) ललित त्यागी 329 मत प्राप्त करके हासिल किया। संयुक्त सचिव निर्दलीय पैनल के चंद्रमोहन सिंह बने। इनको 333 मत मिले। कला संकाय प्रतिनिधि पर सुखदेव कुमार, विज्ञान संकाय से जितेंद्र कुमार, इंजीनियरिंग संकाय से कुलदीप सोनकर, प्रबंधन संकाय से अथर्व त्रिवेदी, ललित कला संकाय से शुभम चौधरी, जीव विज्ञान से आशीष यादव, गृह विज्ञान से शिवाली गुप्ता विजेता रहे।