उत्तर प्रदेश के आगरा में जोताना गांव की पहाड़ी पर स्थित मुगलकालीन आयशा जैबा के टॉम्ब की ईंटों की जाली को अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है। मामले में खिदमतगार ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
फतेहपुर सीकरी के खानुवा मार्ग पर ग्राम जोताना की पहाड़ियों पर स्थित हजरत शेख सलीम चिश्ती की बेटियों आयशा, जैबा की मजार बनी हुई है। स्मारक संरक्षित श्रेणी में नहीं होने के चलते पुरातत्व विभाग व राज्य पुरातत्व विभाग की ओर से देखभाल नहीं की जाती है। स्मारक पर प्रतिदिन देखभाल के लिए जाने वाले सीकरी के मोहल्ला मुतबलियान निवासी रहीस सोमवार को जब प्रात: पहुंचे तो देखा कि स्मारक की ईंटों की जालियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
इस संबंध में रईस की ओर से थाना पुलिस को तहरीर दी गई। बताया है कि अज्ञात लोगों ने 15 मई को स्मारक की किवाड़ों में आगजनी कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। अब अज्ञात लोगों ने ईंटों की जाली को छतिग्रस्त करके नुकसान पहुंचाया। मामले में प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।