कासगंज। शहर की वर्षों पुरानी सहावर गेट रेलवे क्रॉसिंग की समस्या का शीघ्र समाधान हो जाएगा। रेलवे जल्द ही यहां अंडरपास का निर्माण करने जा रहा है। इसके लिए शुक्रवार को टेंडर खुलेगा। माना जा रहा है कि लगभग 12.72 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस अंडरपास के बनने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।यह रेलवे फाटक शहर के प्रमुख बाजार सहावर गेट से जुड़ा है। यहां से गल्ला मंडी व अमांपुर रोड की ओर रास्ता जाता है। बड़ी आबादी लाइन के दूसरे पार रहती है। यह रेलवे क्रॉसिंग काफी व्यस्त रेलमार्ग पर है। यहां 24 घंटे में 48 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। इसके चलते क्रॉसिंग बार-बार बंद होती है। आपात स्थिति में भी लोग क्रॉसिंग बंद होने के कारण निकल नहीं पाते। दूसरे मार्गों से निकलने में कई किलोमीटर घूमना जाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज या अंडरपास के निर्माण की मांग लंबे समय से उठ रही थी। अब इसका समाधान सामने आया है। इस अंडरपास का निर्माण 12.75 करोड़ रुपये की लागत से होगा। 15 मार्च को टेंडर प्रक्रिया खुलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगा। रेल प्रशासन पूरी कार्य योजना पर कार्य कर चुका है। रेलवे ने इस कार्ययोजना के संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत नवीन कुमार निवासी जवाहरनगर अमांपुर के द्वारा आरटीआई में मांगी सूचना के जवाब में दी है। सूचना का जवाब इज्जतनगर रेल मंडल के मंडल इंजीनियर के द्वारा जारी की गई है।