कासगंज। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक अस्पताल के संचालक ने टीम के साथ अभद्रता कर दी। संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। इसके अलावा बिना पंजीकरण के अस्पताल का संचालन मिलने पर ओटी व ओपीडी कक्ष को सील कर दिया गया। इसके अलावा निजी अस्पतालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।एसीएमओ डॉ. एसके सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम लाल कमल हॉस्पिटल एंड पैथोलॉजी नदरई चौराहा का निरीक्षण करने के लिए पहुंची। टीम ने जब संचालक से आवश्यक प्रपत्र मांगे तो संचालक ने टीम के साथ अभद्रता कर दी। इसके बाद संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई। लाइफ लाइन हॉस्पिटल नदरई गेट मिशन चौराहा बिना पंजीकरण के संचालित मिला। हॉस्पिटल की ओटी, ओपीडी कक्ष को सील कर दिया गया।बालाजी हॉस्पिटल ग्राम पट्टी के खिलाफ मिली शिकायत की जांच करने के लिए टीम पहुंची। गर्भवती महिलाओं के प्रसव के मामले में अनियमितता सामने आने पर लेबर रूम को सील कर दिया गया। कृष्णा हॉस्पिटल बंद पाया गया। इस हॉस्पिटल पर नोटिस चस्पा की कार्रवाई की गई। सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले हॉस्पिटल संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। अब हॉस्पिटल का निरीक्षण एसडीएम की मौजूदगी में कराया जाएगा।