पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र के आगरा-बाह मार्ग स्थित नगला भरी लक्ष्मी धर्मकांटा के पास रविवार दोपहर अनियंत्रित स्कॉर्पियो कार सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे में चालक समेत दो लोग घायल हो गए।
आगरा निवासी अमित कुमार गुप्ता शनिवार शाम एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए भदरौली आए थे। रविवार दोपहर वह अपने एक साथी के साथ वापस आगरा लौट रहे थे। तभी लक्ष्मी धर्मकांटा के समीप अचानक उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे अमित और उनके साथी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना उनके परिजन को दी। परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए अपने साथ भदरौली ले गए। इस हादसे में स्कॉर्पियो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।