बाह: बाह सीएचसी पर मृतक नाहर सिंह की पत्नी सुदामा एवं बेटी हेमा दहाड़े मार कर रोते हुए
बाह। आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर बाह के छदामी मठ के पास किसी वाहन की चपेट में आने से मैनपुरी के दरवाह गांव (हाल निवासी बरुआ नगर, बाह) के नाहर सिंह (60) और उनके भतीजे नेकराम की मौत हो गई।
मैनपुरी जनपद के दन्नाहार थाना क्षेत्र के दरवाह गांव के नाहर सिंह परिवार के साथ बाह के बरुआ नगर में रहकर मजदूरी करते थे। उनका छोटा बेटा कृष्ण गोपाल पल्लेदारी करता है। जबकि भतीजे (मुंहबोला बेटा) नेकराम के साथ उन्होंने छदामी मठ पर बटाई पर खेत लेकर बाजरे की फसल तैयार की थी। नाहर सिंह की पत्नी सुदामा और बेटी हेमा ने बताया कि शनिवार रात करीब 8.45 बजे दोनों खाना खाने के बाद फसल की रखवाली के लिए निकले थे। रात 9.30 बजे किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी बाह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नाहर सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि नेकराम को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने नेकराम को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं, नाहर सिंह का शव देख कर पत्नी सुदामा एवं बेटी हेमा बिलख पड़ी। दोनों ने पुलिस को बताया कि मैनपुरी में कर्ज होने पर बाह में मेहनत मजदूरी करने आए थे। बरुआ नगर में किराए के घर में रह कर बटाई पर खेती कर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। एसीपी बाह जितेंद्र सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसा करने वाले वाहन की पहचान और तलाश की जा रही है।