फोटो40पचलाना जिला जेल पर पत्रकारों को जानकारी देता कैदी उमर अंसारी । स्रोत-वीडियो ग्रैब
कासगंज। माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी को शनिवार की शाम गाजीपुर की जेल से जिला जेल पचलाना में शिफ्ट किया गया है। उमर अंसारी को जेल के हाई सिक्योरिटी बैरक में कड़ी निगरानी के बीच रखा गया है। उमर अंसारी का बड़ा भाई एवं मऊ से पूर्व विधायक अब्बास अंसारी यहां की हाई सिक्योरिटी बैरक में करीब दो वर्ष तक सजा काट चुका है। वह इसी साल 21 मार्च को कासगंज जेल से जमानत पर रिहा हुआ।उमर अंसारी गाजीपुर की जेल में बंद था। उस पर आरोप है कि मां की संपत्ति पर उसने फर्जी हस्ताक्षर करके फर्जीवाड़ा किया। इस मुकदमे में वह जेल में बंद था। शासन ने प्रशासनिक आधार पर उमर अंसारी को कासगंज जेल में शिफ्ट करने का आदेश दिया। इस आदेश पर गाजीपुर जेल से कड़ी सुरक्षा में उमर अंसारी को कासगंज जेल लाया गया। शाम 5 बजने से कुछ मिनट पहले उमर अंसारी जिला जेल पहुंचा। जहां जेल नियमों के अनुसार जेल प्रशासन ने उमर अंसारी को हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट कर दिया। हाई सिक्योरिटी बैरक की कड़ी सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भारती भी जिला जेल पहुंचे। उन्होंने आरोपी के संबंध में जानकारी ली और जेल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में बातचीत की।