फोटो43गंजडुंडवारा में लोगों से वार्ता करते भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा । संवाद
गंजडुंडवारा। गनेशपुर फाटक पर बृहस्पतिवार की रात कपड़ा व्यापारी अंकुर गुप्ता को चोर समझकर बेरहमी से पीट गया। गंभीर रूप से घायल कारोबारी का इलाज दिल्ली में चल रहा है। मामले में पुलिस 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गंजडुंडवारा के मोहल्ला धनपाल में रहने वाले अंकुर गुप्ता पुत्र हरिओम गुप्ता कपड़ा व्यापारी है। वह बृहस्पतिवार की रात कार में सवार होकर एटा से घर लौट रहे थे। रास्ते में गनेशपुर रेलवे फाटक बंद होने के कारण कार से उतरकर बस स्टॉप के पास खाली जगह में टॉयलेट करने लगे। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें चोर समझकर पीट दिया था। कारोबारी का दिल्ली में इलाज चल रहा है। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने प्यारे मियां निवासी गनेशपुर और नफीस निवासी सुजावलपुर समेत करीब 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद की चेतावनी दी है। इस मुद्दे को लेकर मोहल्ला खेरू स्थित सभासद विजय कुमार गुप्ता के आवास पर शनिवार को व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने की। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो नगर में व्यापक आंदोलन व बाजार बंदी की जाएगी। बैठक में पीड़ित व्यापारी को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया। कोतवाली प्रभारी भोजराज सिंह अवस्थी ने बताया कि अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में सभासद विजय कुमार गुप्ता, नगर मंडल अध्यक्ष ऋषि अग्रवाल, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष (कंछल गुट) अमित प्रकाश महाजन, (मिश्रा गुट) रामकुमार गुप्ता, अमित चंद्रा, अंकित भूषण, शालू गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।