सहावर (कासगंज)। सोरोंजी-सहावर मार्ग पर महमूदपुर गांव के पास बाइक सवार दो युवकों को शनिवार की देर शाम अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों ही युवक घायल हुए। दोनों को जबतक उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सड़क हादसे में मृत युवकों में हृदेश (21) अलीगढ़ जिले के दादों थाना क्षेत्र के ककराली गांव का और गजेंद्र (24) कासगंज जिले के सोरोंजी के तकुआवर गांव का निवासी था। हृदेश अपने मामा पान सिंह निवासी खाता फरीदपुर सहावर आया था। घटना के समय वह वापस अपने गांव लौट रहा था। उसके साथ बाइक पर गजेंद्र भी सवार था। जब उनकी बाइक महमूदपुर के निकट पहुंची तो बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों ही बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीर और ग्रामीण हादसों के बाद एकत्रित हो गए। लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंच गई। परिजन भी हादसा होने की जानकारी पर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों ही मृतकों के शवों का पंचनामा कर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सहावर थाना प्रभारी लोकेश भाटी ने बताया कि वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत हुई है। उनके शव का पोस्टमार्टम कराया है।
दोनों ही मृतक छोटे थे भाइयों
सोरोंजी-सहावर मार्ग पर ग्राम महमूदपुर के समीप हुए सड़क हादसे में दो हृदेश और गजेंद्र की मौत हुई। मृतक गजेंद्र के भाई विजेंद्र ने बताया कि गजेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। एक माह पूर्व बीमारी के चलते पिता का देहांत हो गया था। मृतक हृदेश के भाई मुकेश ने बताया कि वह भी तीन भाइयों में सबसे छोटा था।