खंदौली। ग्राम नाउ की सराय बंबा के पास मां देवी नगर में रविवार को बाइक से पहुंचे महादेवी नगर के युवकों ने सिगरेट लाने से इनकार करने पर दो लोगों को पीट दिया। इसके बाद फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक कालंदी विहार निवासी तनिष्क और उसका दोस्त देवेंद्र अपनी बाइक लिए मां देवी नगर नाउ की सराय गली के बाहर खडे़ थे। आरोप है कि उसी समय महादेवी नगर के एक दर्जन युवक बाइक से वहां पहुंचे। आरोपियों ने देवेंद्र और तनिष्क को दो रुपये देकर पास की दुकान से सिगरेट लाने को कहा। मना करने पर युवकों ने देवेंद्र और तनिष्क को पीट दिया और उनकी बाइक भी तोड़ दी।
बस्ती मे दहशत फैलाने के लिये आरोपियों ने हवाई फायरिंग भी की। इससे पास स्थित मैरिज होम सहित क्षेत्र में भगदड़ मच गई। जानकारी के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके फरार हो गए। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी अवधेश गौतम ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।