मथुरा के थाना फरह क्षेत्र के गांव ओल में मकान की बीम खड़ा कराते समय हाईटेंशन लाइन से छू गई। इससे बीम में करंट दौड़ गया। घटना में पांच मजदूर झुलस गए। इनमें से दो मजदूरों की मौत हो गई। एक मजदूर ओल और दूसरा भरतपुर का निवासी था। तीन मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना फरह के गांव ओल में चौकीपुरा रोड पर किरारई में महावीर शर्मा के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य का ठेका महावीर ने मुकेश ठेकेदार को दे रखा है। ठेकेदार मंगलवार को मकान में बीम खड़ा करवा रहा था। शाम चार बजे हाईटेंशन तार से बीम छू जाने से करंट आ गया, जिससे अर्जुन , मुकेश, महावीर, सुरेंद्र और यादराम झुलस गए।
तत्काल सभी को भरतपुर ले जाया गया। यहां पीड़ितों का डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। उपचार के दौरान यादराम (35) निवासी सांतरुक, थाना-कुम्हेर, जिला भरतपुर व सुरेंद्र (50) निवासी ओल की मौत हो गई। ओल चौकी इंचार्ज ने बताया कि चौकी पुरा रोड पर करंट से पांच मजदूरों के झुलसने की सूचना मिली थी। इन्हें भरतपुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। उपचार के दौरान दो की मौत हो गई।