बैग पर सीताराम लिखा होने की वजह से रोके जाने का आरोप लगाकर 18 अगस्त को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले सुल्तानपुर निवासी पर्यटक आशीष द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को भगवा रंग के कपड़ों में ताजमहल का दीदार किया। इस बार उन्हें ताज सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने परिसर में जाने से नहीं रोका। दीदार के बाद आशीष ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड कर सुरक्षाकर्मियों का धन्यवाद दिया।
इससे पहले आशीष के 18 अगस्त को दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जिनमें उन्होंने भारत में रहकर अपने ही आराध्य का नाम लिखा बैग लेकर न जाने देने पर सवाल उठाए थे। हालांकि तब सीआईएसएफ ने आरोप को गलत बताया था। सीनियर कमांडेंट वैभव दुबे का कहना था कि पर्यटक के बैग में आपत्तिजनक सामान था, जिसे क्लॉक रूम में रखने या फिर बाहर छोड़ने के लिए कहा गया था।
पर्यटक ने ऐसा करने के बजाय धार्मिक रूप देने का प्रयास करते हुए वीडियो जारी किया। बृहस्पतिवार को आशीष के साथ अयोध्या से भागवत कथा प्रवक्ता आचार्य राकेश मिश्रा, आचार्य देव प्रकाश पाठक, देव पुरोहित, आचार्य प्रवीण तिवारी, दिनेश प्रताप सिंह, विनीत सिंह, विवेक सिंह आदि ने भी दर्शन किए।