जिला अस्पताल में सैंपल लेने के लिए बनाए सेंटर में रोजाना 10 से 15 लोग खुद पहुंच रहे हैं। इनमें से ज्यादातर खांसी-जुकाम और सामान्य बुखार से पीड़ित हैं। एहतियात के तौर पर इन लोगों ने जांच कराई है। अब तक एक में भी कोरोना नहीं मिला है। इससे इनके आसपास के लोगों ने भी राहत की सांस ली है। 15 दिन में 200 लोग जांच करा चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर मुकेश वत्स ने बताया कि लोगों की जागरूकता के कारण ही आगरा में स्थिति सामान्य है। आठ मरीज मिलने के बावजूद संक्रमण किसी और में नहीं गया है। लोग न केवल खुद सैंपल देने के लिए आ रहे हैं बल्कि किसी में खांसी-जुकाम देखते ही सूचना दे रहे हैं।
18 कॉलोनियों में सर्वे, सभी जगह मिला सहयोग
स्वास्थ्य विभाग की टीमें 18 कॉलोनियों में हेल्थ सर्वे कर चुकी हैं। इनमें खंदारी, ईदगाह, दयालबाग शामिल हैं। सभी जगह टीमों को सहयोग मिला। टीम के एक एक सवाल का लोगों ने जवाब दिया।
विदेश से आए लोगों की भी दे रहे सूचना
कमला नगर में युवक के स्पेन से आने का पता चलते ही लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया। सोमवार की रात युवक का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। मंगलवार को अलबतिया के लोगों ने भी कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि अमेरिका से एक युवक आया है। उसकी जांच कराई जाए।
घरों से कम निकल रहे लोग
1. एसएसपी और डीएम दफ्तर में फरियादी मास्क लगाकर आ रहे हैं, सैनिटाइजर साथ रखते हैं।
2. थानों और एसएसपी दफ्तर में शिकायत सुन रहे पुलिसकर्मियोें ने भी मास्क लगा रखे हैं।
3. राजामंडी जैसे भीड़ वाले बाजार में सन्नाटा है, लोग घरों से कम निकल रहे हैं।
4. मंदिरों में भी लोग एक दूसरे से दूरी बनाकर खड़े रहे हैं। मास्क लगाकर भी जा रहे हैं।
पांच दिन में एक भी केस नहीं... 31 तक सतर्कता बढ़ानी होगी
डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि आगरा में पांच दिन में एक भी नया मरीज नहीं मिला है लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। 31 मार्च तक बेहद सतर्क रहना जरूरी है। छावनी क्षेत्र में मरीज मिला है। वहां के लोग खास तौर से ज्यादा एहतियात बरतें। इस क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी लगातार काम कर रही हैं।