बेवर। क्षेत्र में चोरी की वारदात अंजाम देने वाले दो चोरों को पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से घरों से चुराए गए सामान, बाइक के साथ तमंचा-कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों का संबंधित धारा में चालान कर जेल भेजा।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को सूचना मिली कि क्षेत्र में वाहन चोरी, नकबजनी आदि की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो चोर अमरपुर गांव के पास देखे गए हैं। इस सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को देख वहां मौजूद चोरों ने बाइक से भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़े गए। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की एक बाइक, आभूषण के साथ तमंचा-कारतूस बरामद हुए। पूछताछ करने पर चोरों ने अपने नाम सुनील कुमार और कुलदीप निवासी गांव किरावली थाना करहल बताया। पुलिस को बताया कि वह लोग घरों से व वाहनों की चोरी की घटनाएं अंजाम देते हैं। मुकदमा दर्ज करने के बाद चोरों को जेल भेजा गया है।