फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में रास्ते से ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में राशन डीलर सहित दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
बताया गया है कि प्रधान पक्ष के सुंदर सिंह पुत्र शिवराम फतेहाबाद से ट्रैक्टर लेकर अपने गांव छतरियापुरा जा रहे थे। अहीरपुरा के पास रास्ते में ककरीली बेहड़ी निवासी सुधीर पुत्र तिलक सिंह पक्ष की बाइक खड़ी थी। सुंदर सिंह के रास्ते से बाइक हटाने को कहने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। प्रधान नीरज कुमार नगर चंद गोशाला से घर लौट रहे थे। भीड़ देखकर उन्होंने रुककर सुधीर से बाइक हटाने को कहा, जिस पर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर प्रधान नीरज कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। घटना की सूचना मिलने पर प्रधान नीरज के चाचा रामगोपाल राशन डीलर, महेश और भूपेंद्र मौके पर पहुंचे। उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटा गया। इस दौरान प्रधान पक्ष से प्रधान नीरज कुमार, रामगोपाल, महेश, भूपेंद्र और दूसरे पक्ष से सुधीर कुमार व सूरज कुमार घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल कराया है। पुलिस का कहना है मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।