आगरा। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में 27 करोड़ की लागत से दो मार्गों का चाैड़ीकरण कराया जाएगा। इससे लोगों को हाथरस और मथुरा की तरफ जाने के लिए बाईपास पर नहीं जाना पड़ेगा। लिंक मार्ग से ही आगे का रास्ता तय कर सकेंगे।
विधायक धर्मपाल सिंह ने बताया कि विधानसभा एत्मादपुर क्षेत्र में दो मार्गों का चाैड़ीकरण कराया जा रहा है। इसमें बमान से बैलोट गांव तक 6.5 किलोमीटर तक करीबन 12 करोड़ की लागत से सड़क बनाई जाएगी। इस मार्ग पर पहले से साढ़े तीन मीटर की सड़क है। इसे साढ़े पांच मीटर तक कर दिया जाएगा। सरकारी जमीन के अलावा किसान की जमीन पर सड़क निर्माण पर मुआवजा दिया जाएगा।
इसके बनने से हाथरस और अलीगढ़ जाने वाले लोगों को फायदा होगा। उनका आवागमन सुगम हो जाएगा। उन्हें खंदाैली की तरफ नहीं आना पड़ेगा। इसी तरह खंदाैली के पैंतीखेड़ा, पर्वतपुर, साैरई गांव के मार्ग का भी 15 करोड़ की लागत से चाैड़ीकरण कराया जाएगा। इस रास्ते के बनने से मथुरा की ओर जाने वाले लोगों का रास्ता सुगम हो जाएगा। लंबे समय से इस मार्ग के चाैड़ीकरण की मांग की जा रही है। यातायात के साथ ही हादसों पर भी रोक लगेगी।