थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र बालियान ने बताया कि ईको गाड़ी में फतेहाबाद के लोग बरात में आये थे। सभी बिजलीघर चौराहे के पास शादी में जा रहे थे। घायलों की पहचान फतेहाबाद के पठान मोहल्ला निवासी शब्बीर, भैये, कदमा, सोनी, इमरान, गौरव और हैप्पी के रूप में हुई। सभी को शांति मांगलिक हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। ईको चालक फारुख और गाड़ी सवार सोबी की मौत हो गई है। हादसे में बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। चालक और परिचालक फरार हो गए। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया।
फतेहाबाद मार्ग पर लगा जाम
बस और ईको की टक्कर के बाद फतेहाबाद मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस को पहुंचने में 15 मिनट लगे थे। इससे वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पर आई पुलिस ने रास्ते से छतिग्रस्त बस और ईको को जेसीबी की मदद से हटवाया। तकरीबन एक घंटे बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
राहगीर बने मददगार
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए, लेकिन घायलों की मदद कम लोग कर रहे थे। कुछ मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। इस पर एक संगठन के पदाधिकारी रौनक ठाकुर और कुछ मीडिया कर्मी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने ईको गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस को भी सूचना दी। घायल लहूलुहान हालत में थे। कुछ ही लोग बोलने की स्थिति में थे। सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। बाद में कुछ लोगों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया। तब एंबुलेंस मौके पर आई। मगर तब तक घायलों को राहगीर अस्पताल में भर्ती करा चुके थे।