दो मरीज निकले डेंगू पॉजिटिव, जिला अस्पताल में कराए भर्ती
-जिल में लगातार बढ़ रहे बुखार के मरीज, ओपीडी में 1024 मरीजों को दिया उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल की जांच में दो और मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इन्हें जिला अस्पताल कें डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ रही। यहां 1044 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
पिछले लगभग डेढ़ माह से जिले में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। प्रतिदिन निजी अस्पतालों और जिला अस्पताल में डेंगू के मरीजों की भीड़ पहुंच रही है। स्वास्थ्य विभाग के उपचार को लेकर किए जा रहे दावे भी खोखले नजर आ रहे हैं। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी की जांच में भी लगातार डेंगू पॉजिटिव मिल रहे हैं।
मंगलवार की रात आई जांच रिपोर्ट में जगरूपपुर निवासी संदीप कुमार की 27 वर्षीय पत्नी अर्चना और गोपीनाथ अड्डा निवासी बंटी का 16 वर्षीय पुत्र आशीष डेंगू पॉजिटिव निकला। दोनों को सोमवार को बुखार आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार की रात जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों को सामन्य वार्ड से निकालकर डेंगू वार्ड में भेज दिया गया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि दोनों की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।
क्षयरोग से पीड़ित मासूम की मौत
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव अंजनी निवासी विवेक कुमार के आठ माह के पुत्र कार्तिक को जन्म से ही क्षयरोग की दिक्कत थी। परिजन उसका जिला अस्पताल में उपचार करा रहे थे। मंगलवार की रात कार्तिक की उपचार के दौरान मौत हो गई।