19 सालों से फर्जी प्रमाण पत्रों के सहारे नौकरी करने की शिकायत
- मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद निदेशक ने जांच के दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय नौनेर पर तैनात वार्ड बॉय सुनील कुमार की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर फर्जी अभिलेखों के सहारे होने की शिकायत की गई है। शिकायत कर्ता ने कहा है कि 19 साल से सुनील फर्जी तरीके से नौकरी कर रहा है। शिकायत के बाद निदेशक होम्योपैथी उत्तर प्रदेश प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने सीएमएस आगरा को जांच करने के आदेश दिए हैं।
शहर के मोहल्ला अग्रवाल निवासी राकेश कुमार डागौर ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करते हुए कहा कि राजकीय होम्याेपैथिक चिकित्सालय नौनेर पर तैनात सुनील कुमार सवर्ज जाति का है। उसने पिछड़ी जाति का प्रमाणपत्र बनवाकर गलत तरीके से वर्ष 2004 में बैकलॉग से नियुक्ति पाई है। पूर्व में ही इसकी शिकायत की गई लेकिन काई ध्यान नहीं दिया गया।
राकेश की शिकायत पर निदेशक ने सीएमएस जिला होम्योपैथिक चिकित्सालय आगरा को जांच अधिकारी नियुक्ति करते हुए जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। निदेशक का पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। हालांकि इसके बाद भी प्रभारी जिला होम्योपैथिक अधिकारी इस संबंध में जानकारी न होने की बात कह रहे हैं। जबकि 12 अक्तूबर को जारी इस पत्र की एक प्रति उनके लिए भी निदेशक ने भेजी है।
सुनील कुमार वार्ड बाॅय की तैनाती नौनेर पर है। उनके संबंध में काई शिकायती पत्र नहीं मिला है। निदेशक के आदेश की प्रति अभी नहीं मिली है। जो भी आदेश होगा उसका पालन किया जाएगा।
डॉ. शैलेंद्र कुमार, प्रभारी जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी मैनपुरी