अस्थमा और हार्ट अटैक से दो मरीजों की मौत
दो अन्य को हालत बिगड़ने पर किया गया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सर्दी के बीच जिले में अस्थमा और हार्ट के मरीजों की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्र निवासी दो मरीजों की सांस लेने में दिक्कत के चलते मौत हो गई। वहीं दो अन्य को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
शहर के मोहल्ला भोजपुरा निवासी 70 वर्षीय छविनाथ सिंह को पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की दिक्कत थी। परिजन ने शुक्रवार को उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घिरोर के गांव नाहिली पूरन सिंह को बृहस्पतिवार की रात हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 622 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। जबकि दो मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि छबिनाथ को अंतिम सांसों में ही अस्पताल लाया गया था। वहीं पूरन सिंह को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।
कैंसर पीड़ित वृद्ध ने तोड़ा दम
शहर के स्टेशन रोड निवासी 65 वर्षीय राजाराम पिछल कुछ साल से कैंसर से पीड़ित थे। परिजन ने बृहस्पतिवार को गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।