मैनपुरी। जिले में अस्थमा और हार्ट के मरीजों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बृहस्पतिवार को अस्थमा और हार्ट से पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
औंछा थाना क्षेत्र के गांव कुमरौआ निवासी मुनीम की 60 वर्षीय पत्नी शबीना को पिछले कुछ दिनों से अस्थमा की समस्या थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार को परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिछवां थाना क्षेत्र के गांव औरंध निवासी शिवप्रताप सिंह की 40 वर्षीय पत्नी सविता को बृहस्पतिवार को हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल की ओपीडी में बृहस्पतिवार को 788 मरीज पहुंचे। सात मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। यहां से तीन मरीजों को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। ईएमओ डॉ. आदर्श सेंगर का कहना था कि दोनों ही मरीजों को मृत अवस्था में लाया गया था।