कासगंज। ढोलना क्षेत्र के गांव तैय्यवपुर कमालपुर में होली पर डीजे पर डांस और हुड़दंग कर रहे दो पक्षों में झगड़ा हो गया। दोनों ओर से मारपीट हुई। घायलों को पुलिस ने चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा। दोनों पक्षों ने तहरीर पुलिस को दी हैं।गांव तैय्यवपुर कमालपुर में होली पर्व पर गांव में डीजे पर डांस चल रहा था। हुरियारों के द्वारा हुड़दंग किया जा रहा था। इस दौरान दो पक्षों में कहासुनी हुई। यह कहासुनी बाद में झगड़े में बदल गई। गांव निवासी यतेंद्र का आरोप है कि उसके चाचा राजेंद्र हुड़दंग वाले स्थान के निकट से गुजर रहे थे। इस दौरान उन पर हुरियारों ने रंग डाल दिया। उन्होंने विरोध किया तो दूसरे पक्ष के हुकुम सिंह के पक्ष के लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। उसे बचाने पहुंचे यतेंद्र और अन्य परिजन की भी लगभग 25 लोगों ने पिटाई कर दी। दूसरे पक्ष से हर्ष कुमार का आरोप है कि यतेंद्र सहित अन्य लोगों ने रास्ता रोक दिया था। विरोध किया तो उनके पक्ष के लगभग 20 लोगों ने उसके पक्ष के लोगों पर पथराव व मारपीट की है। दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हुए। दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी गई। सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। दोनों की जांच की जा रही है।