ताजनगरी में दो और संक्रमित लोगों ने दम तोड़ दिया। इनकी जांच रिपोर्ट मृत्यु के बाद बाद आई है। कोरोना से मृतकों की संख्या अब 14 हो गई है। हालांकि बुधवार को आई मृतकों की पॉजिटिव रिपोर्ट की प्रशासन ने पुष्टि नहीं की है।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि दोनों की रिपोर्ट बुधवार की शाम को आई। इनमें सेवानिवृत्त चिकित्सक की मौत के दो दिन बाद बुधवार को कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, फीरोजाबाद के 51 साल के मरीज की मौत के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
शहीद नगर सदर निवासी 64 साल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सेवानिवृत्त चिकित्सक को तेज बुखार आने के साथ सांस लेने में परेशानी होने पर 25 अप्रैल को जिला अस्पताल में जांच कराई। तबीयत बिगड़ने पर सैंपल लेकर 26 अप्रैल को एसएन भेज दिया गया था। यहां 27 को उनकी मौत हो गई।
शव का विद्युत शवदाह गृह पर अंतिम संस्कार करा दिया गया। 27 अप्रैल को फीरोजाबाद निवासी 51 साल के मरीज को भर्ती किया गया। उन्हें डायबिटीज के साथ सांस लेने में परेशानी थी। 27 की रात में उनका निधन हो गया था।