पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को पकड़ कर ले जाती पुलिस ।
कासगंज। एसओजी, सर्विलांस व सदर कोतवाली पुलिस ने सहावर रोड पर नगला चीता इलाके में हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। तीन अन्य बदमाश बाइक से फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। पकड़े गए बदमाशों की पहचान शंकर (25) और पंकज उर्फ उधम सिंह के रूप में हुई है। दोनों जिला फर्रुखाबाद के थाना कायमगंज क्षेत्र के ममांपुर के रहने वाले हैं। दोनों बदमाश सहावर कस्बे में बैंक में चोरी के प्रयास व शहर में हुई चोरी की वारदात में वांछित थे। गोली शंकर के पैर में लगी है। पुलिस ने दोनों बदमाशों से तमंचा, कारतूस, चोरी में प्रयुक्त किए जाने वाले उपकरण और एक बाइक बरामद की है।एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि सदर कोतवाली इंस्पेक्टर लोकेश भाटी, सर्विलांस प्रभारी प्रेमपाल, एसओजी प्रभारी विनय कुमार शर्मा को फर्रुखाबाद जनपद के बदमाशों के चाड़ी रोड पर होने की सूचना मिली। पुलिस ने वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान नगला चीता के रास्ते पर दो बाइकों पर पांच संदिग्ध लोग आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। एक बाइक पर तीन लोग सवार थे। वह बाइक मोड़कर भाग गए। इस बीच पुलिस ने दूसरी बाइक पर सवार दो लोगों को पीछा किया।बाइक सवार दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश शंकर घायल हो गया। इसी बीच पुलिस ने दूसरे बदमाश पंकज उर्फ उधम सिंह को भी दबोच लिया। एसपी ने बताया कि घायल बदमाश शंकर को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया। दूसरे बदमाश को जेल भेज दिया गया है। फरार हुए तीनों बदमाश विजय, नन्नू व दीपू निवासी ममांपुर हैं।मुठभेड़ में गिरफ्तार शंकर व पंकज दोनों ही बेहद शातिर हैं। एसपी ने बताया कि दोनों पर फर्रुखाबाद जनपद व कासगंज जनपद में दस-दस केस दर्ज हैं। ये केस चोरी, लूट व अन्य संगीन धाराओं से जुड़े हैं।