आगरा के खंदौली क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग सड़क हादसों में आठ वर्षीय बच्चे और बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पहला हादसा सड़क पार करते समय ऑटो की टक्कर से हुआ। दूसरे हादसे में रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसों में शामिल वाहनों को पकड़ लिया है।
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में आठ वर्षीय मासूम सहित बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसों के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
पहला हादसा नगला हरसुख गांव के पास हुआ। गांव निवासी सतीश का आठ वर्षीय पुत्र नवीन रविवार की शाम सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान मुड़ी की ओर से आ रहे ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
दूसरा हादसा थाना क्षेत्र में प्रकाश कोल्ड स्टोरेज के सामने रविवार की रात करीब 10 बजे हुआ। हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव पोरा निवासी अभिलाष अपने साले के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के बाद वह बाइक से घर सिकंदराराऊ लौट रहा था। प्रकाश कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंचते ही हाथरस की ओर से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अभिलाष की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों हादसों में शामिल वाहनों को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।