सिढ़पुरा। शनिवार को कस्बा के करतला रोड पर ट्रैक्टर पर लगे डीजे पर नृत्य कर रहे दो कांवड़िए विद्युत करंट की चपेट में आकर झुलस गए। सड़क हादसा कांवड़िए के विद्युत लाइन से छू जाने से हुआ। झुलसे दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संजय (30) एवं सचिन (15) निवासी ग्राम न्यौली परसोन स्थित शिवालय में भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक कर वापस आ रहे थे। वह ट्रैक्टर पर लगे डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर नृत्य कर रहे थे। जब करतला रोड पर कब्रिस्तान के समीप ट्रैक्टर पहुंचा तो सड़क के ऊपर विद्युत लाइन के तार से कांवड़िए छू गए। दोनों ही करंट की चपेट में आने से झुलस गए । उधर सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली प्रभारी डीके त्यागी साथ में चल रहे थे। उन्होंने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।