कासगंज। शासन से ग्राम पंचायतों के विकास के लिए 15वें वित्त की दो किस्तें ही अभी तक दी गई है। दो किस्तें शासन में अटकी हुई हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्राें का विकास प्रभावित हो रहा है। जबकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में दो माह से भी कम समय रह गया है।जिले में 423 ग्राम पंचायतें है। इन ग्राम पंचायतों के विकास के लिए शासन से 15वें वित्त के तहत टाइड एवं अनटाइड फंड के तहत धनराशि दी जाती है। दो किस्तें टाइड फंड में मिलती है जबकि दो किस्तें अनटाइड फंड में मिलती हैं। टाइडफंड में 24 करोड़ रुपये एवं अनटाइड फंड में 16 करोड़ रुपये विकास के लिए दो किस्तों में मिलते हैं। शासन से नवंबर माह में टाइड फंड में 12 करोड़ रुपये एवं अनटाइड फंड में 8 करोड़ रुपये की एक एक किस्त नवंबर माह में दी गई। इसके बाद से कोई बजट शासन से जारी नहीं किया गया है। अधिकतर ग्राम पंचायतों में यह धन खर्च हो चुका है, जिससे ग्राम पंचायतों में धन का अभाव हो जाने पर विकास कार्य नहीं हो पा रहे।