कासगंज। जिले में शनिवार रात से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सरसों, आलू, मटर सहित अन्य सब्जियों आदि की फसलों को नुकसान होने लगा है। जनपद में इन फसलों का लगभग तीस हजार हेक्टेयर तक का रकवा है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। जिले में रात से रुक-रुककर हो रही बारिश एवं तेज हवा ने फसलों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। इस समय सबसे अधिक नुकसान सरसों की फसल को है। पकने की दहलीज पर खड़ी इस फसल की फली हवा के कारण गिरने का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा आलू, मटर, गोभी, टमाटर, पालक, मेथी आदि की फसल के प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। हालांकि इस बारिश से गेहूं की खेती करने वाले किसान को थोड़ी राहत मिली है। किसान खेत में एक पानी लगा चुके हैं। दूसरे पानी लगाने की तैयारी चल रही थी। इस बीच बारिश हो जाने से अब उन्हें फसल में सिंचाई करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।