पटियाली। तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला टीका में बुधवार को बुखार के कारण दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं अभी कई बच्चे और बड़े बीमार हैं। इसके साथ ही बृहस्पतिवार को पटियाली में एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं, चिकित्सकीय सुविधाएं नहीं मुहैया कराने पर ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति आक्रोश है। विकास खंड पटियाली क्षेत्र के ग्राम नगला टीका गांव की आबादी लगभग तीन हजार लोगों की है। इस गांव में सोमवार को उमाशंकर की दो वर्षीय पुत्री को तेज बुखार आया। परिजन ने उसे निजी चिकित्सक के यहां दिखाया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं आया और बुधवार की शाम उसकी मौत हो गई। इसी तरह सुखवीर के 6 वर्षीय पुत्र रितिक को मंगलवार को अचानक दस्त और उल्टी होने लगी, साथ ही उसे बुखार भी आया। सुखवीर ने भी निजी चिकित्सकों से उपचार कराया लेकिन रितिक की भी बुधवार को मौत हो गई। इसके साथ ही गांव में कार्तिक (5), आरजू (5), आशीष (5), अनिरुद्ध (8) सहित कई बड़ी आयु के लोग भी बुखार व डायरिया से पीडि़त हैं। इसके साथ ही पटियाली कस्बा में बृहस्पतिवार को डेंगू संक्रमित भी मिला। जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्वे किया। अन्य लोगों की भी जांच की।