कासगंज। जिले में डेंगू के मरीज लगातार मिल रहे। डेंगू मच्छर नए क्षेत्रों में अपने डंक से लोगों को बीमार कर रहे। इसका परिणाम रहा कि शुक्रवार को महिला पुलिस कर्मी सहित दो लोग डेंगू की चपेट में आ गए। जिला अस्पताल पर मरीजों की कतार लग रही। जिले में अब तक 61 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं।
कोतवाली में तैनात महिला पुलिस कर्मी को बुखार की शिकायत थी, उपचार से लाभ न होने पर शुक्रवार को जिला अस्पताल में दिखाने पहुंची। जांच में उनमें डेंगू की पुष्टि हुई। जबकि भैंसोरा बुजुर्ग गांव निवासी अरुण (17) काे बुखार आने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। जिला अस्पताल में अब तक 55 तथा निजी क्षेत्रों में छह मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है।
जिला अस्पताल में ओपीडी बंद होने तक 1441 मरीज पहुंचे। इससे मरीजों की कतार लगी रही। इनमें से बुखार के 237 मरीज पहुंचे। इन मरीजों के रक्त की जांच कराई गई। जांच में दो मरीजों में डेंगू के अलावा चार मरीजों में टाइफाइड निकला। 232 मरीज सांस की समस्या लेकर पहुंचे। 53 मरीजों में डायरिया की शिकायत मिली। इसके अलावा अन्य बीमारियों के मरीज पहुंचे।