सांस लेने में दिक्कत के चलते बच्ची सहित दो की मौत
- तीन मरीजों को हालत बिगड़ने पर किया गया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। बरसात के बीच अचानक सांस की दिक्कत के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल पहुंची दो माह की बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य को गंभीर हालत में मेडिकल काॅलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
पिछले कुछ दिनों से जिले में बारिश हो रही है। बारिश के बीच अचानक सांस के मरीजों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। महाराजा तेज सिंह अस्पताल में शुक्रवार को सांस की दिक्कत से पीड़ित सात मरीज भर्ती कराए गए। शहर के निकटवर्ती गांव औड़ेन्य पड़रिया निवासी राजकुमार की दो माह की पुत्री मीठी को बृहस्पतिवार की रात अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भोगांव थाना क्षेत्र के गांव सरैया निवासी विशंभर दयाल (70) पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। शुक्रवार की बृहस्पतिवार को अचानक उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. मदनलाल ने बताया कि बच्ची और वृद्ध को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में दवाइयों की कोई कमी नहीं है। बुजुर्ग और बच्चों को बारिश में भीगने न दें। यदि जरा भी दिक्कत होती है तो उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर उपचार दिलाएं।