ढोलीखार, मंटोला निवासी कामरान वारसी ने बताया कि बुधवार को उसकी दो बहनों गौरी और डौली का निकाह फतेहाबाद रोड स्थित प्रियांशु गार्डन में था। शादी में बहनों को गृहस्थी का सामान, जेवरात, कैश, दावत पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए। धूमधाम से बरात चढ़ी। पहले गौरी का निकाह पढ़ा गया। गौरी दूल्हे अमन के साथ विदा हो गई। इसके बाद तड़के चार बजे डौली का निकाह हुआ। इसके बाद उसकी दूल्हे आसिफ के साथ विदाई की बारी आई।
आरोप है कि दूल्हे के परिजन ने कार की डिमांड कर दी। दुल्हन के घरवालों ने मिन्नत की लेकिन ससुरालीजन का दिल नहीं पसीजा। परिवार के लोगों के समझाने पर भी विदाई के लिए तैयार नहीं हुए। हंगामा होते देखकर दूल्हे के अधिकांश परिजन वहां से चले गए। चंद रिश्तेदार के साथ दूल्हा आसिफ रुका हुआ था। वह भी सुबह 6 बजे वो दुल्हन डौली के सामने तीन बार तलाक बोलकर चला गया।
छह के खिलाफ मुकदमा
कामरान की सूचना पर मैरिज होम पर पुलिस पहुंची। मामले में नाला चूनपचान, नाई की मंडी निवासी आसिफ, मुन्नी, परवेश, सलमान, रुखसार, नजराना और फहरीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि विवेचना की जा रही है।