मैनपुरी। कस्बा किशनी के रहने वाले दो परिवार शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थिति तिकोनिया पार्क में धरना पर बैठ गए। आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर रसूखदारों ने कब्जा कर लिया है। कई शिकायतें की और न्याय के लिए गुहार लगाई, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वह लोग परिवार के साथ यही पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर धरना पर बैठे महोली शमशेरगंज निवासी इन्नूर खां ने बताया कि भूमि प्रबंधन समिति ने पात्र होने पर उन्हें पट्टा दिया था। उन्हें दी गई जमीन असंक्रमणीय है। जिस पर कुछ दिन पहले रसूखदार लोगों ने उनकी भूमि पर कब्जा कर लिया। इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन उस पर कोई सुनवाई नहीं हुई। तहसील में भी न्याय के लिए भटकते रहे लेकिन कुछ नहीं हुआ। धरने पर बैठे महोली शमशेरगंज के दूसरे परिवार के मुखिया दिलशाद अली ने बताया कि वह गांव में असंक्रमणीय भूमि का काश्तकार है। विपक्षी उनकी जमीन पर कब्जा किए हुए हैं। कब्जा हटवाए जाने को लेकर एसडीएम से भी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। धरने पर बैठे दोनों परिवार के लोगों ने जमीन को कब्जा मुक्त कराने के साथ कब्जा दिलवाने की मांग की है। ऐसा न होने तक धरना प्रदर्शन जारी रखने की बात भी कही है।