आगरा। पड़ोसी देश पाकिस्तान-अफगानिस्तान में पोलियो के 39 मरीज मिले हैं। इससे अपने यहां भी खतरा पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में आपके पांच साल तक के बच्चे की जिंदगी के लिए दो बूंद बेहद जरूरी हैं। इसकी ड्रॉप से पोलियो से बचाव होगा, इसलिए अपने बच्चों को जरूर पिलवाएं। ये संदेश देते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आवास विकास कॉलोनी के सेंट्रल पार्क से रैली निकालते हुए पोलियो अभियान का शुभारंभ किया है।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि पाकिस्तान में 30 और अफगानिस्तान में 9 बच्चों में पोलियो मिला है। पड़ोसी देशों में पोलियो का वायरस सक्रिय है। ऐसे में बचाव के लिए 5 साल तक के 7.05 लाख बच्चों को ड्रॉप पिलाई जाएगी। इसके लिए 1716 टीमें बनाई हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि 14 को बूथ पर ड्राॅप पिलाई जाएगी। इसके बाद 15 से 19 दिसंबर तक घर-घर जाकर टीमें पोलियो की ड्रॉप पिलाएंगी। 22 दिसंबर को भी बच्चों को ड्रॉप पिलाई जाएगी। रैली में डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति, डॉ. ध्रुव गोपाल, डॉ. मेघना शर्मा, डॉ. मनु शर्मा, डॉ. महिमा चतुर्वेदी, कुलदीप भारद्वाज, राहुल कुलश्रेष्ठ, नितिन खन्ना आदि मौजूद रहे।