आगरा में कोटा-पटना एक्सप्रेस में यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन अस्पताल पहुंचाया गया। यहां दो यात्रियों की मौत हो गई। जबकि आठ की हालत नाजुक है। 90 लोगों का दल मथुरा जा रहा था।
ताजनगरी आगरा में रविवार को पटना से कोटा जा रही ट्रेन में दूषित भोजन से छत्तीसगढ़ के दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। वहीं उल्टी दस्त के कारण 20 लोगों की हालत खराब हो गई। ट्रेन के आगरा कैंट पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यात्रियों का इलाज किया। बेहोशी की हालत में छह यात्रियों को एसएन मेडिकल कॉलेज और कैंट स्थित मंडलीय रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
आगरा कैंट स्टेशन पर तैनात आरपीएफ इंस्पेक्टर शिशिर कुमार झा ने बताया कि यात्रियों से पूछताछ में पता चला है कि 90 लोगों का जत्था छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से तीर्थयात्रा के लिए 14 अगस्त की रात को ट्रेन से रवाना हुआ था। ये सभी एस-1, एस-2 और एस-3 में सवार थे।
16 अगस्त को जत्था बनारस पहुंचा और काशी विश्वनाथ समेत अन्य मंदिरों के दर्शन के लिए दो दिन ठहरे। 19 अगस्त को दोपहर में किसी धर्मशाला में चावल और कद्दू की सब्जी का भोजन बनाया गया। भोजन को डिब्बों में पैक करने के बाद सभी यात्री शाम पांच बजे मथुरा के लिए ट्रेन में सवार हो गए। रात में भोजन कर सभी सो गए।
देर रात 20 से 25 यात्रियों को घबराहट, उल्टी और दस्त होने लगे। इस पर लोगों ने साथ लाई दवाएं पीड़ितों को दीं। इससे कुछ को राहत मिली। आगरा कैंट स्टेशन से 20 किमी पहले कुमारी बाई नेताम (62) की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। सात यात्री बेहोश हो गए। यह देख चीखपुकार मच गई और कुछ यात्रियों ने कंट्रोल रूम पर फोन कर दिया।
आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन रुकी तब तक रामा निषाद (65) की भी मौत हो गई। बाकी के छह मरीजों को एसएन मेडिकल कॉलेज और रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां पांच मरीजों की हालत गंभीर है। बाकी के यात्रियों को मथुरा रवाना कर दिया गया।
मृतकों का पोस्टमॉर्टम कराया
आगरा मंडल के रेलवे वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि गाड़ी संख्या 13237 पटना-कोटा एक्सप्रेस के आगरा पहुंचने से पहले कुछ लोगों के बीमार होने की सूचना मिली थी। गाड़ी के आगरा कैंट पहुंचने पर दो यात्री मृत पाए गए। इनका पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता चलेगा।
रेलवे अस्पताल में लोकेंद्र यादव (52), सोनिया बघेल (65), प्रभा बाई साहू (60), रंभा बाई साहू (60), हीरा बाई निषाद (50) और एसएन मेडिकल कॉलेज में उत्तम साहू (40) भर्ती हैं।