मैनपुरी के थाना कुर्रा क्षेत्र में बुधवार को दो परिवारों की शादी की खुशियां गम में बदल गईं। कस्बा में देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने बरात को रौंद दिया। हादसे में दो बरातियों की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। वहीं पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने कसबा में जाम लगा दिया। कुछ लोगों ने भागते हुए ट्रक को पीछा कर पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। गुरुवार को तहरीर के आधार पर पुलिस अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कुर्रा निवासी मनोज कुमार की पुत्री की शादी फिरोजाबाद जिले के थाना सिरसागंज के गांव सैफपुर निवासी सुनील कुमार पुत्र दर्शनलाल के साथ तय हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुनील की बरात बुधवार को कुर्रा पहुंची। रात लगभग 10 बजे बरात चढ़ना शुरू हुई। सभी बराती डांस कर रहे थे। इसी दौरान करहल की ओर से आ रहा ट्रक (यूपी 75 एम 3747) अनियंत्रित होकर बारात में घुस गया। इससे बारात में डांस कर रहे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुछ लोगों ने 100 नंबर और 108 नंबर पर दी। साथ ही पीछा कर किशनी की ओर भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया और उसमें तोड़फोड़ भी की। इस दौरान कसबा में रोड पर जाम भी लगा दिया। आधा घंटे बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सैफई अस्पताल भेजा। रास्ते में सनी (20) और शिवराज (30) निवासी गांव सैफपुर थाना सिरसागंज जिला फिरोजाबाद की मौत हो गई।
पांच लोगों को गंभीर अवस्था में सैफई अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में ध्यानपाल, रामबरन, बृजपाल निवासी सैफपुर थाना सिरसागंज जिला फिरोजाबाद, पवन निवासी गांव रैपुरा थाना रामगढ़ जिला फिरोजाबाद और अतुल कुमार निवासी गांव बनै थाना किशनी शामिल हैं। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
चालक-परिचालक भागे, सवारी को पीटा
लोगों ने ट्रक में बैठे एक व्यक्ति को पकड़कर बुरी तरह से पीटा। लोग उसे चालक समझ रहे थे। बाद में उसने बताया कि वह तो ट्रक में सवारी के रूप में बैठा था। चालक और परिचालक मौके से भाग गए हैं। तब लोगों ने उसे छोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। एसओ कुर्रा ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। चालक और परिचालक की तलाश की जा रही है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ट्रक मालिक का पता लगाया जा रहा है। रिपोर्ट दुल्हा सुनील कुमार के चचेरे भाई राजू निवासी सैफपुर थाना सिरसागंज जिला फिरोजाबाद ने दर्ज कराई है।
सड़क पर लगा था शामियाना
बता दें कि कुर्रा में कन्या पक्ष का मकान मुख्य सड़क के किनारे ही है। ऐसे में बरात के स्वागत और शादी के इंतजाम सड़क पर ही किए गए थे। वहीं टेंट लगा था। इधर हादसे के बाद शादी के अन्य कार्यक्रम नहीं हुए। तुरंत फेरे पड़ने के बाद लड़की की विदा कर दी गई।